शिमला, 08 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पुलिस और ड्रग विभाग ने नशे के खिलाफ बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयों का जखीरा पकड़ा है। सालासर कॉम्प्लेक्स में हुई इस छापेमारी में 2 लाख 23 हजार से अधिक नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार हिमाचल प्रदेश पुलिस और ड्रग विभाग की टीम ने गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर सालासर कॉम्प्लेक्स में छापा मारा। जांच के दौरान टीम को वहां भारी मात्रा में नशीली और प्रतिबंधित दवाइयां मिलीं। बरामद दवाइयों में ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड की 1,61,920 गोलियां और अल्प्राजोलम (एट्रॉक्स-0.5) की 61,164 गोलियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये दवाइयां नशे के तौर पर इस्तेमाल की जाती हैं और इनके अवैध कारोबार पर कानून के तहत सख्त रोक है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव पूजन प्रजापति निवासी उत्तर प्रदेश और अनुराग शुक्ला निवासी कानपुर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस और अनुमति के इन प्रतिबंधित दवाइयों का भंडारण और कारोबार कर रहे थे।
पुलिस ने बरामद दवाइयों को कब्जे में लेकर थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
छापेमारी के दौरान टीम को अन्य संदिग्ध और अवैध दवाइयां भी मिली हैं। इन दवाइयों के संबंध में ड्रग विभाग ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत अलग से कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीजीपी अशोक तिवारी ने बताया कि प्रदेश में नशे के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों और अवैध दवा कारोबारियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।