Logo
Header
img

बिहार-झारखंड से पुलिस ने फरार तीन इनामी भगोड़े दबोचे

नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 12 से 21 साल से फरार चल रहे तीन इनामी घोषित अपराधियों को बिहार और झारखंड से गिरफ्तार किया है। तीनों अलग-अलग जघन्य मामलों में वांछित थे और इन पर कुल 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम ने छह दिनों में 3300 किलोमीटर की यात्रा कर तीनों आरोपितों को दबोचा। गिरफ्तारी के दौरान पुलिसकर्मियों ने कहीं टेंपो चालक तो कहीं सब्जी विक्रेता बनकर आरोपितों तक पहुंच बनाई।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने बुधवार को बताया कि पकड़े गए आरोपितों में दो पोस्को मामलों और एक हत्या के प्रयास के मामले का फरार आरोपी शामिल है। इनमें एक पर 10 हजार रुपये तथा दो पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। तीनों लंबे समय से दिल्ली पुलिस को चकमा देकर अलग-अलग राज्यों में छिपे हुए थे।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार राजौरी गार्डन थाने में दर्ज पोस्को मामले में वांछित युधिष्ठिर 12 साल से फरार था। उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। जांच में पता चला कि वह झारखंड के दुमका में टेंपो चलाता है। पुलिस टीम ने खुद टेंपो किराये पर लेकर चालक और यात्री बनकर उसकी रेकी की और अंततः उसे दबोच लिया।

छत से भागा, तीन किलोमीटर पीछा कर पकड़ा

वहीं रन्हौला थाने में दर्ज दुष्कर्म व पोस्को मामले में फरार 20 हजार के इनामी मोहम्मद अखलाख उर्फ अमित बिहार के पूर्णिया में छिपा था। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह छत से कूदकर भागने लगा। टीम ने करीब तीन किलोमीटर पीछा कर उसे पकड़ लिया। जबकि उत्तम नगर थाने में हत्या के प्रयास के वर्ष 2005 के मामले में फरार राम कुमार पिछले 21 साल से पुलिस से बच रहा था। उस पर भी 20 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस को सूचना मिली कि वह बिहार के भोजपुर में सब्जी बेचता है। इसके बाद टीम ने सब्जी विक्रेता बनकर जाल बिछाया और उसे आरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक, लंबे समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। कई महीनों की तकनीकी निगरानी, मानवीय सूचना और लगातार फील्ड वर्क के बाद तीनों की लोकेशन ट्रेस हुई। टीम ने अलग-अलग राज्यों में लगातार छापेमारी कर सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया है। उनसे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि लंबे समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Top