Logo
Header
img

जल शक्ति मंत्री पाटिल ने एनडीएसए के नए कार्यालय का किया उद्घाटन

नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने मंगलवार को नई दिल्ली के आरके पुरम (वेस्ट ब्लॉक II) में राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण (एनडीएसए) के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने देश में बांधों की सुरक्षा और निगरानी को आधुनिक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म और एआई-आधारित प्रणालियों की शुरुआत की।



सीआर पाटिल ने बताया कि मानसून के पहले और बाद में हर साल लगभग 13 हजार निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की जाती हैं। उन्होंने जोर दिया कि नेट्रा (एनडीएसए इंजन फॉर ट्रैकिंग एंड रिव्यू यूजिंग एआई) और बांध सुरक्षा डेटा का भंडार डीएचएआरएमए जैसे डेटाबेस में एआई को शामिल करने से इस विशाल डेटा का सटीक विश्लेषण संभव होगा जिससे निर्णय लेने की प्रक्रिया में सुधार होगा।

मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नया कार्यालय और ये आधुनिक डिजिटल उपकरण देश के जल बुनियादी ढांचे को सुरक्षित रखने में मील का पत्थर साबित होंगे।

इस मौके पर बांध सुरक्षा प्रशासन को मजबूत करने के लिए कई तकनीकों का शुभारंभ किया गया। इनमें एआई आधारित ट्रैकिंग इंजन नेट्रा जीआईएस आधारित एनडीएसए की नई वेबसाइट सी-डैक द्वारा विकसित राष्ट्रीय बांध सुरक्षा दर्पण और सीडब्ल्यूसी सौर ऊर्जा संयंत्र का दूरस्थ शुभारंभ शामिल है।

समारोह में जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी, जल संसाधन नदी विकास एवं गंगा पुनर्जीवन विभाग के सचिव वी.एल. कंथा राव केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के अध्यक्ष अनुपम प्रसाद और एनडीएसए के अध्यक्ष अनिल जैन सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

Top