सीहोर, 19 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज (शनिवार) जिले के भैरून्दा जनपद अंतर्गत ग्राम भिलाई एवं छीपानेर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे और जिले को 145 करोड़ 89 लाख 47 हजार रुपये के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की सौगात देंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी देवेन्द्र ओगारे ने बताया कि मुख्यमंत्री चौहान छीपानेर में 130 करोड़ 55 लाख 83 हजार रुपये के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा लोकार्पण करेंगे। इनमें 63 करोड़ 49 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन तथा 67 करोड़ 6 लाख 82 हजार रुपये के निर्माण कार्यो का लोकार्पण किया जाएगा।
खजूरी माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना को होगा भूमि पूजन
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री चौहान भैरून्दा जनपद के ग्राम भिलाई में आयोजित कार्यक्रम में 15 करोड़ 33 लाख 64 हजार रुपये की लागत से बनने वाली खजूरी माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के निर्माण कार्य का भूमि पूजन करेंगे। इस परियोजना में कोलार नदी पर पम्प हाउस द्वारा पानी लिफ्ट कर प्रेशराईज्ड पाइप प्रणाली तथा स्काडा तकनीक से ग्राम खजूरी की कृषि भूमि को सिंचित किया जाएगा। खजूरी माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से ग्राम खजूरी की 900 हैक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री चौहान दोपहर 02:45 बजे भोपाल से प्रस्थान कर 3:15 बजे लाड़कुई पहुंचेंगे। लाड़कुई से मुख्यमंत्री दोपहर 3.20 बजे भिलाई पहुंचेंगे और स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री 4.25 बजे भिलाई से प्रस्थान कर 04.50 बजे छीपानेर पहुंचेंगे। यहां वे स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के पश्चात 06.30 बजे छीपानेर से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।