Logo
Header
img

बायोडीजल दिलाने के नाम पर 13 लाख की ठगी, 20 महीने बाद एक आरोपित धनबाद से गिरफ्तार

पलामू, 2 नवंबर (हि.स.)। बायोडीजल दिलाने के नाम पर 13 लाख रुपए ठगी करने के आरोपी को धनबाद से गिरफ्तार किया गया है। 20 महीने बाद उसकी गिरफ्तारी हुई है। एक अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक कुमार सिंह पिता विजय कुमार सिंह नौका टोला खवासपुर कृष्णानगर भोजपुर बिहार के रूप में हुई है, जबकि उसका फरार पार्टनर संतोष गिरी पिता नरेश गिरी ठेंगहा, पोस्ट बेनीपुर थाना मधेपुर जिला दरभंगा बिहार का निवासी है।


इस संबंध में रेडमा के दो नंबर टाउन की रहने वाली रेणू शाह पति मधेश्वर शाह ने दाे फरवरी 2023 को विश्वासघात व धोखाधड़ी करने एवं पैसे की ठगी कर गबन करने के आरोप में दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार अभिषेक और संतोष गिरी ने रेणू शाह को बायोडीजल दिलाने के बहाने झांसे में लेकर 13 लाख रुपए की ठगी कर ली थी। बाद में अपना मोबाइल नंबर बदल लिया था।


मामला दर्ज होने के बाद अनुसंधान के दौरान पता चला कि दोनों आरोपित गिरफ्तारी के डर से अपने रिश्तेदार एवं अन्य जगहों पर छुुप-छुप कर रह रहे हैं। इसी क्रम में दाे नवंबर को गुप्त सूचना मिली कि अभिषेक कुमार सिंह धनबाद में अपने किसी रिश्तेदार के यहां शरण लिए हुए है। सूचना के आलोक में सदर थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई और उसे गिरफ्तार किया गया।

Top