Logo
Header
img

अयोध्या : एक लाख दीपों से आलोकित होगा श्रीरामजन्मभूमि परिसर


अयोध्या : एक लाख दीपों से आलोकित होगा श्रीरामजन्मभूमि 

 परिसर पांच जोन में विभाजित

लगभग एक हजार कार्यकर्ता करेंगे सेवा


अयोध्या, 01 नवंबर (हि.स.)। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र परिसर आगामी 7 नवंबर को लगभग एक लाख दीपों से आलोकित होगा।। इस दीपोत्सव की तैयारियों एवं दीप प्रज्ज्वलन के लिये लगभग एक हजार कार्यकर्ता सेवा देंगे। सम्पूर्ण परिसर को पांच जोन में विभाजित कर प्रत्येक जोन के प्रभारी एवं उनकी टीम निर्धारित कर दी गई है। आगामी पांच दिनों में इस कार्ययोजना को मूर्त रूप दिया जाएगा।

यात्री सुविधा केन्द्र (पीएफसी) के सभागार में शनिवार को हुई बैठक में दीपोत्सव की कार्ययोजना को अन्तिम रूप दिया गया। बैठक में आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं का दायित्व सँभाल रहे प्रमुख कार्यकर्ता सम्मिलित हुए। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र (सेवानिवृत्त), सचिव जगदीश आफले तथा जगन्नाथ गुलवे ने सम्पूर्ण कार्ययोजना विस्तार से समझाई।

श्रीरामलला विराजमान मन्दिर का विशेष अलंकरण किया गया है। आगामी पांच दिनों में परिसर के अन्य भागों के अलंकरण एवं दीप प्रज्ज्वलन की तैयारियों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

जोन 1 — श्रीरामलला मंदिर: इस जोन का दायित्व अर्चक प्रमुख आचार्य केशव को सौंपा गया है। श्रीरामलला विराजमान मंदिर एवं उसके आसपास 30 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किये जाएंगे। इनमें मुख्य रूप से मंदिर प्रांगण, परकोटा, ग्रीन हाउस तथा यज्ञशाला क्षेत्र सम्मिलित हैं।

जोन 2 — कुबेर टीला एवं सप्तमण्डप: इस जोन में कुबेर टीला, सप्तमण्डप, शेषावतार मन्दिर, हुतात्मा स्मारक तथा पंचवटी आदि स्थान सम्मिलित हैं। इसका दायित्व चन्दन क्षितिज एवं उनकी टीम को सौंपा गया है। यहाँ भी 30 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किये जाएँगे।

जोन 3 — वापसी दर्शन मार्ग एवं पीएफसी:

इस जोन में वापसी दर्शन मार्ग, यात्री सुविधा केन्द्र, पीएफसी प्लाजा तथा नल टीला आदि स्थान सम्मिलित हैं। पी.पी. मिश्रा के नेतृत्व में कार्यरत टीम यहां 14 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित करेगी।

जोन 4 — यात्री सेवा केन्द्र एवं अंगद टीला: इस जोन का दायित्व कैप्टन जे.पी. द्विवेदी (सेवानिवृत्त) एवं उनकी टीम को सौंपा गया है। यात्री सेवा केन्द्र, अंगद टीला, सीता रसोई तथा रामानन्दाचार्य द्वार को इस जोन में सम्मिलित किया गया है। यहां 13 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किये जाएंगे।

जोन 5 — श्रीरामजन्मभूमि पथ एवं दर्शन मार्ग: इस जोन में श्रीरामजन्मभूमि पथ, दर्शन मार्ग, सिंहद्वार तथा चरण पादुका आदि स्थान सम्मिलित हैं। नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में कार्यरत टीम यहाँ 13 हजार दीप प्रज्ज्वलित करेगी। इस टीम के सहयोग के लिये विशेष रूप से उत्तर प्रदेश पुलिस तथा केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की भी सहभागिता रहेगी। शनिवार देर रात्रि ट्रस्ट समाचार प्रबंधक सुभाष चंद्र सिंह ने विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी ।

Top