Logo
Header
img

आर्मी कैप्टन की वर्दी पहनकर घूम रहा ठग गिरफ्तार



जोधपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। शहर में आर्मी इंटेलिजेंस के कैप्टन की वर्दी पहनकर घूम रहे एक ठग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आर्मी इंटेलिजेंस जोधपुर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस की जिला विशेष टीम ने रातानाडा क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट से आरोपित को वर्दी सहित दस्तयाब किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी द्वारा सेना के जवानों को ऋण दिलाने के नाम पर ठगी करने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट जोधपुर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति आर्मी इंटेलिजेंस में कैप्टन के पद पर पदस्थापित नहीं होने के बावजूद कैप्टन की वर्दी पहनकर आर्मी क्षेत्र एवं रातानाडा के आसपास घूम रहा है। उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी सिविल कपड़ों में था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया के आदेश पर विशेष टीम का गठन किया गया।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पूर्व नरेंद्र सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त हरजीराम के निकटतम पर्यवेक्षण में जिला विशेष टीम प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक खेत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने आर्मी क्षेत्र एवं रातानाडा में आरोपी की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान आरोपी के सुखसागर रेस्टोरेंट में बैठे होने की पुष्टि हुई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे आर्मी इंटेलिजेंस कैप्टन की वर्दी सहित गिरफ्तार किया।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित उजाला नगर, जालंधर, पंजाब निवासी सागर गुलेरिया पुत्र सुरेश कुमार आर्मी अधिकारी बनकर सेना के जवानों को ऋण दिलाने के नाम पर कथित रूप से करोड़ों रुपए की ठगी करता था। इसके अलावा कई महिलाओं के साथ भी ठगी करने के मामले सामने आए हैं। अनुसंधान में आरोपी के विरुद्ध कच्छ-भुज गुजरात, साइबर अपराध थाना सास नगर पंजाब तथा सिलीगुड़ी पश्चिम बंगाल में प्रकरण दर्ज होना सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपित द्वारा उपयोग किए जा रहे बैंक खातों के संबंध में देश के विभिन्न राज्यों में लाखों रुपये की धोखाधड़ी से जुड़ी सात शिकायतें तथा आरोपित द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों के विरुद्ध आठ ऑनलाइन साइबर शिकायतें भी दर्ज होना पाया गया है।

Top