नोएडा, 19 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा माध्यमिक बोर्ड और उत्तर प्रदेश शिक्षा बोर्ड परीक्षाओं के बीच गुरुवार को गौतमबुद्ध नगर जनपद के दर्जनों निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकीभरा ई-मेल मिला है। इस सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी, बम स्क्वायड दस्ता, डाॅग स्क्वायड और गुप्तचर एजेंसिया तथा एटीएस की टीमाें के विभिन्न स्कूलाें में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में कुछ नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों ने बोर्ड की परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं को आश्वस्त किया है कि वे निर्भीक होकर परीक्षा दें। अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि गुरुवार को ई-मेल के माध्यम से नोएडा पुलिस को सूचना मिली कि कुछ स्कूलों में बम रखा हुआ है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिन-जिन स्कूलों में बम होने की सूचना दी गई थी, वहां पर चेकिंग शुरू की गई। उन्होंने बताया कि बम डिस्पोजल स्क्वॉड, एएस चेक टीम व डॉग स्क्वॉड के माध्यम से सभी स्कूलों में चेकिंग सुनिश्चित की गई। पुलिस टीमों की गहन चेकिंग में कहीं पर भी कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई। उन्होंने बताया कि संपूर्ण सतर्कता बरतते हुए पूर्ण गंभीरता के साथ ई-मेल के संबंध में साइबर टीम जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति पूर्णतः सामान्य है। उन्होंने कहा कि बोर्ड की परीक्षा दे रहे किसी भी छात्र को परेशान होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि धमकी झूठी निकली है।