Logo
Header
img

अखिलेश यादव आगरा में आज पी डी ए सम्मेलन को करेंगे संबोधित


अखिलेश यादव आगरा में आज पी डी ए सम्मेलन को करेंगे संबोधित

आगरा , 15 नवंबर (हि.स.)। सपा मुखिया अखिलेश यादव रविवार को आगरा में दलित सम्मेलन को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी इस सम्मेलन के माध्यम से आगरा में दलित वोटो को रिझाने का प्रयास करेगी।

आगरा- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज रविवार को आगरा में राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में दोपहर करीब 1:00 बजे दलित सम्मेलन को संबोधित करने आगरा पहुंचेंगे। इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए आसपास के जनपदों से भी कार्यकर्ताओं को सम्मेलन में सम्मिलित करने के लिए पार्टी के जिला अध्यक्षों को निर्देशित किया गया है।

पार्टी के राज्यसभा सदस्य राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन ने आगरा में इस सम्मेलन को चुनने की वजह बताते हुये कहा कि आगरा दलित चेतना का केंद्र रहा है ।इसलिए आगरा इस सम्मेलन के लिये सबसे उपयुक्त स्थान है। वर्तमान में प्रदेश में दलितों का सर्वाधिक उत्पीड़न हुआ है। दलितों के लिए समाजवादी पार्टी का ध्येय हमेशा उनके विकास और उन्नति उनमुख रहा है और पार्टी इसके लिए सदैव काम करती रही है।

पार्टी के जिला अध्यक्ष उदय सिंह कुशवाहा द्वारा बताया गया कि आगरा सहित कई जनपदों के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। जीआईसी मैदान में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दलित सम्मेलन में पहुंचेंगे कुछ अन्य पार्टियों से भी पदाधिकारी और कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी में सम्मिलित होंगे।

बताते चलें कि आगरा में समाजवादी पार्टी 2012 के बाद से चुनावी सूखे में चल रही है। समाजवादी पार्टी ने 2012 में अंतिम बार आगरा की बाह विधानसभा क्षेत्र सीट जीती थी,इसके बाद करीब 14 सालों से जिले में सपा प्रत्याशी चुनाव में जीत नहीं पाया । जनपद के राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि समाजवादी पार्टी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए दलित वोटरों को रिझाने का काम कर रही है और इसी उद्देश्य से यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। पार्टी का मानना है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा से नाराज वोटरों तथा बहुजन समाज पार्टी तथा आजाद समाज पार्टी के बीच में उलझा हुआ दलित वोटर समाजवादी पार्टी के लिए बहुत लाभकारी सिद्ध हो सकता है, इसी उद्देश्य से यह सम्मेलन किया गया है।

Top