Logo
Header
img

मौसम की करवट के चलते चारधाम यात्रा मार्ग पर प्रशासन सतर्क

देहरादून, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के बीच मौसम करवट ले रहा है। मौसम विभाग के गुरुवार तक के लिए ऑरेंज अलर्ट काे देखते हुए चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उत्तरकाशी, चमोली व रुद्रप्रयाग का जिला प्रशासन चाैकन्ना है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं पर शासन के अनुसार विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने आपातकालीन परिचालन केंद्र व यात्रा कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। उन्हाेंने केदारनाथ धाम यात्रा काे सुगम, सुरक्षित सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी जारी किए। जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यात्रा मार्गों के विभिन्न संवेदनशील स्थलों, यात्री आवागमन, मौसम की स्थिति व मार्गों की सतत निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कैमरा मॉनिटरिंग प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्गों पर निगरानी, सूचना संप्रेषण एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने एसओएस कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली, प्राप्त सूचनाओं के संकलन, त्वरित सूचना आदान-प्रदान, आपदा एवं यात्रा संबंधी रिस्पॉन्स मैकेनिज्म व संचार व्यवस्था का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन रजवार व अन्य कर्मी उपस्थित रहे। उनके द्वारा कंट्रोल रूम संचालन, तकनीकी व्यवस्थाओं, कैमरा निगरानी एवं सूचना तंत्र से संबंधित विस्तृत जानकारी जिलाधिकारी को उपलब्ध कराई गई। दरअसल, मौसम विभाग ने कल तक के लिए आंधी, बारिश और ओलावृष्टि काे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Top