गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय हिसार के गैर शिक्षक कर्मचारी कल्याण संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर मांगों एवं समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया है। संगठन ने चेताया है कि यदि 31 जुलाई तक मांगें पूरी नहीं हुई तो एक अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा। इस संबंध में संगठन की आम सभा बुधवार को प्रधान रामनिवास वर्मा की अध्यक्षता में हुई।महासचिव पुनीत खुराना के संचालन में सेमिनार हॉल में हुई आम सभा को संबोधित करते हुए संघ के प्रधान रामनिवास वर्मा ने बताया कि सभा में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर विचार-विमर्श किया गया और संघ द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को दिए गए दो बार मांग पत्र के बारे में चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा मांग पत्रों पर आज तक कोई आवश्यक कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है, जिसको लेकर कर्मचारियों में भारी रोष है। सभी मांगों के बारे में बुलाई गई आम सभा में कर्मचारियों ने फैसला लिया कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन 31 जुलाई तक उनकी मांगों को पूरा नहीं करता है, तो विश्वविद्यालय का प्रत्येक कर्मचारी एक अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। आम सभा को संघ के पूर्व प्रधान जयवीर मोर, देशराज वर्मा, इंद्राज भारती, सुनील लांबा, सुंदर सिंह, मुकेश तंवर, विकास पंघाल, डॉ एसबी लूथरा, मोनिका लांबा तथा जोगेंद्र सिंह ने संबोधित किया। इस अवसर पर संघ के उप प्रधान सुनील शर्मा, सचिव ओमप्रकाश दहिया, सह सचिव ईश्वर सिंह तथा कोषाध्यक्ष उदय सिंह उपस्थित रहे।